कुर्सेला (कटिहार)। कुर्सेला नगर पंचायत क्षेत्र में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी 13 वार्डों को संपूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग उठाई गई है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में पानी फैलने से आम जनजीवन प्रभावित है और लोगों को राहत एवं सरकारी सहायता की जरूरत है।
बुधवार को कुर्सेला नेताजी चौक पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओबीसी मोर्चा एवं जदयू नगर अध्यक्ष विमल कुमार मंडल ने बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से सभी 13 वार्डों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर बाढ़ पीड़ित परिवारों को भोजन, आवश्यक सामग्री और अन्य सरकारी राहत उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस दौरान बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, कदवा विधायक एवं पूर्व सांसद दुलाल चंद्र गोस्वामी, जदयू जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय सहित एनडीए के नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मांग पत्र पर मंत्री रत्नेश सादा ने कुर्सेला नगर पंचायत की बाढ़ की स्थिति को लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




