पाकुड़िया। गणेश पूजा एवं विश्वकर्मा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को पाकुड़िया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की। इस दौरान पूजा के आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।
बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा स्थलों की सुरक्षा, साफ-सफाई और आम लोगों को होने वाली संभावित परेशानियों को दूर करने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों और उपस्थित लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा नहीं दिया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ या अप्रिय पोस्ट करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष चर्चा हुई। पूजा के दौरान यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो तथा किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इस पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में एएसआई सनातन माझी, मोतीलाल हांसदा, शंभू भगत, जयदेव साहू, सुधीर दास, कालिदास डुटू, निवारण हेंब्रम, जहांगीर अंसारी, कमाल अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





