गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने शनिवार को पथरगामा प्रखंड के पारसपानी स्थित इंडस्ट्रियल पार्क के लिए चिह्नित भूमि का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिह्नित भूमि की स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल, पहुंच मार्ग और आसपास की आधारभूत सुविधाओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रस्तावित इंडस्ट्रियल पार्क के विकास की संभावनाओं और इसके लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इंडस्ट्रियल पार्क के विकास से जुड़े आवश्यक पहलुओं का अध्ययन कर सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जरूरी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों और निवेशकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सकता है। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान पथरगामा के प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतेश कुमार गौतम समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




