कटिहार: प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, पटना एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार के निर्देशानुसार शनिवार को प्राथमिक विद्यालय मिनका, डंडखोरा में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक मुकेश कुमार ठाकुर ने की। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना, बच्चों के शैक्षणिक विकास पर अभिभावकों से संवाद स्थापित करना तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करना था।
संगोष्ठी में प्रधान शिक्षक मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमता, रुचि और सीखने की गति के अनुसार विशिष्ट होता है। ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें समान अवसर, सम्मान, सहयोग और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शिक्षक और अभिभावकों दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रधान शिक्षक के रूप में एक वर्ष के कार्यकाल में विद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं तथा अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति साझा की गई है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील भी की। इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में विद्यालय के शिक्षा स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बच्चों में अनुशासन, शिष्टाचार और विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी भी बढ़ी है।
बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि विद्यालय में 206 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि 6 वर्ग कक्ष, 3 शौचालय तथा पेयजल के लिए समर ट्यूबवेल उपलब्ध है। विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं एवं समस्याओं को भी संबंधित विभाग के समक्ष रखने पर सहमति बनी।





