भागलपुर: बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा ने भागलपुर जिले के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दीप नगर, शंकर टॉकीज भट्टा, चंपानगर, मीरापुर, शाहपुर और दोगच्छी समेत विभिन्न इलाकों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
स्थलीय निरीक्षण के बाद मंत्री रत्नेश सदा ने जिला अतिथि गृह सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की प्रगति, प्रभावित परिवारों को मिल रही सुविधाओं और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्था करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लगभग सभी आवश्यक स्थानों पर कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जरूरत महसूस होती है तो कम्युनिटी किचन की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सूखा राशन, पॉलीथीन शीट, नाव, एंबुलेंस, शौचालय, पशु चारा और सर्पदंश की दवा समेत जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
इस दौरान जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि प्रशासन और सरकार की ओर से राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जदयू के वरिष्ठ नेता सुड्डू साईं ने कहा कि बाढ़ की विषम परिस्थिति में राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जा रही है और जरूरत के अनुसार संसाधनों में तत्काल वृद्धि की व्यवस्था है।
जदयू नेता शेखर पांडे ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार और जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। वहीं, जदयू नेता धनंजय मंडल ने सूखा राशन, पॉलीथीन शीट, पशु चारा और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता को सराहनीय बताया। पूर्व प्रदेश सचिव संजय राम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाना है।
इस मौके पर कार्यालय प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, प्रखंड अध्यक्ष ललन कुशवाहा, विजय मंडल, रविशंकर सिन्हा, गुरुदेव मंडल, सदानंद कुमार, विनय कुमार, मो. मोहसिन समेत बड़ी संख्या में जदयू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





