पटना: लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (LJP-R) ने पार्टी के मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं के महत्वपूर्ण पदों की घोषणा कर दी है। इसी क्रम में भागलपुर की पूर्व महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अंशु प्रियंका मिश्रा को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बिहार प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। उनके मनोनयन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बिहार प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती के निर्देश पर यह नियुक्ति की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र मुन्ना, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश भट्ट और बिहार प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता रंजन कुमार सिंह की ओर से अंशु प्रियंका मिश्रा को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई।
नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रियंका मिश्रा के साथ राज्य के अन्य प्रवक्ताओं की सूची भी जारी की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने प्रवक्ताओं की सूची जारी की। जिम्मेदारी मिलने के बाद अंशु प्रियंका मिश्रा ने पार्टी के सभी राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंशु प्रियंका मिश्रा को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर पार्टी के भागलपुर जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान ने इसे अंग क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक महिला कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर सम्मान दिया है। उन्होंने अंशु प्रियंका मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर नाथनगर विधायक मिथुन कुमार, प्रदेश सचिव पीयूष पासवान, नगर अध्यक्ष सौरभ सिंह, युवा प्रधान महासचिव आशीष कुमार, अमिश मिश्रा, अमित पासवान समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंशु प्रियंका मिश्रा को बधाई और शुभकामनाएं दीं।





