भागलपुर के सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में रविवार को वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड शशि प्रसाद झा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की शुरुआत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉमरेड शशि प्रसाद झा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य और ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने की।
वक्ताओं ने कॉमरेड शशि प्रसाद झा के जीवन संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भागलपुर में भाकपा (माले) के शुरुआती नेताओं में शामिल थे। उन्होंने पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। छात्र जीवन में ही वे कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ गए थे और शोषणमुक्त समाज के लिए संघर्ष शुरू कर दिया था। पेशे से शिक्षक रहे कॉमरेड शशि प्रसाद झा ने कई कर्मचारी आंदोलनों का नेतृत्व किया। वे मार्क्सवाद के अच्छे जानकार थे और उन्होंने कई कर्मचारी एवं शिक्षक नेताओं के शिक्षण-प्रशिक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग कई तरह के हमलों का सामना कर रहा है और फासीवादी-सांप्रदायिक शक्तियां संविधान एवं लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। ऐसे समय में एक कम्युनिस्ट नेता का निधन वाम-जनवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। वक्ताओं ने उनके सपनों के लिए संघर्ष जारी रखने तथा संवैधानिक-लोकतांत्रिक मूल्यों और जन-अधिकारों की रक्षा के संघर्ष को और अधिक व्यवस्थित एवं मजबूत करने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा को भाकपा (माले) की केंद्रीय कमिटी सदस्य सरोज चौबे, राज्य कमिटी सदस्य व ऐक्टू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसके शर्मा, पार्टी मुखपत्र समकालीन लोकयुद्ध के संपादकमंडल सदस्य प्रदीप झा, माकपा के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोपगुट के जिला सचिव राजेश अंबष्ट, भाकपा (माले) के नवगछिया प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, पूर्व नगर सचिव सुरेश प्रसाद साह, नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल, असंगठित कामगार महासंघ के राज्य सचिव सुभाष कुमार, आइसा के राज्य उपाध्यक्ष प्रवीण कुशवाहा और सपना झा ने संबोधित किया। मौके पर भाकपा माले के तिलकामांझी ब्रांच सचिव अमर कुमार, नसरतखानी ब्रांच सचिव लुटन तांती, नगर कमिटी सदस्य अमित गुप्ता व मो. रुस्तम, बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के पूर्व राज्य सचिव मनोज कृष्ण सहाय, बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन के नेता सकलदेव सिंह, करण कुमार, अमरजीत कुमार, इंकलाबी नौजवान सभा के अमरजीत कुमार, प्रमोद ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे।




