पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय कस्तूरी में मध्याह्न भोजन में अनियमितता को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक शैलेंद्र यादव पर मेन्यू के विपरीत भोजन देने और पढ़ाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण वीरेंद्र यादव, वार्ड सदस्य दामोदर यादव, दिलीप मंडल, दुबलाल यादव, अर्जुन यादव, ज्योतिष मंडल, ग्रजेश मंडल, सुनील यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि शनिवार को बच्चों को परोसी गई खिचड़ी में हरी सब्जी नहीं थी। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में अक्सर मध्याह्न भोजन मेन्यू के अनुसार तैयार नहीं किया जाता है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक शैलेंद्र यादव पिछले 10 वर्षों से इसी विद्यालय में पदस्थापित हैं, जिसके कारण स्कूल में मनमानी बढ़ गई है। उनका यह भी आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई सही तरीके से नहीं होती है। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के तबादले की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को दिए आवेदन में मध्याह्न भोजन के रजिस्टर, खाद्यान्न स्टॉक और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे बीडीओ और जिला शिक्षा अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेंगे। वहीं प्रधानाध्यापक शैलेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार ही भोजन दिया जाता है। शनिवार को सब्जी की मात्रा कम थी। उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को रंजिशवश बताया।




