उमेश कांत गिरि, ब्यूरो प्रभारी घाटशिला, झारखंड। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को मुसाबनी में सीआरपीएफ की 193 बटालियन की ओर से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत रैली, जागरूकता मार्च एवं सामूहिक दौड़ का आयोजन किया गया। कमांडेंट ओम शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों के साथ करीब 450 जवान, स्थानीय धावक और विभिन्न समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।
कमांडेंट ओम शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर पांच किलोमीटर की सामूहिक दौड़ को रवाना किया। दौड़ के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारों से मुसाबनी का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। सीआरपीएफ जवानों के साथ स्थानीय युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई।
दौड़ पूरी करने के बाद सभी प्रतिभागी रिक्रिएशन क्लब फुटबॉल मैदान पहुंचे। यहां कमांडेंट ओम शुक्ला ने अभियान के उद्देश्य और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की शपथ दिलाई गई। सामूहिक दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड एवं कप देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों की श्रेणी में द्वितीय कमान अधिकारी उमेश कुमार शाह ने 20 मिनट 10 सेकंड में पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। जवानों की श्रेणी में दलजीत सिंह प्रथम, दीपक सरकार द्वितीय और मुकेश बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सिविलियन वर्ग में स्थानीय युवक शिवा वास्के ने 21 मिनट 45 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुनाराम मार्डी द्वितीय और सलहाय हेंब्रम तृतीय रहे।
सामूहिक दौड़ में द्वितीय कमान अधिकारी उमेश कुमार शाह, उप कमांडेंट जीके हरि और सहायक कमांडेंट मिंटू कुमार रे भी जवानों के साथ शामिल हुए। वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और स्थानीय लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। आयोजन के जरिए अनुशासन, एकता, भाईचारे और टीम भावना का संदेश दिया गया।




