भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के पद पर 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम के तहत भागलपुर टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोगों ने भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और जनता एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वह महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि मिशन के लिए जीने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों का जिक्र करते हुए सीखते रहने की भावना को भी साझा किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक गीत और स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए। इसके बाद टाउन हॉल परिसर से सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। हाथों में सेवा ज्योति कलश और भाजपा के झंडे लिए कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए घंटाघर चौक पहुंचे। इस दौरान ‘25 साल बेमिसाल’ के नारे भी लगाए गए। घंटाघर पर यात्रा का समापन हुआ, जहां आम लोगों ने भी यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान घंटाघर को ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की बात कही गई।
मंच संचालन जिला महामंत्री योगेश पांडेय ने किया। विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने यह साबित किया है कि निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना से विकास संभव है। नवगछिया जिला प्रभारी पवन मिश्रा ने कहा कि 25 वर्षों की इस यात्रा में प्रधानमंत्री ने जनसेवा को अपना ध्येय बनाकर देश के विकास को नई दिशा और गति देने का काम किया है।
कार्यक्रम संयोजक बंटी यादव ने कहा कि हजारों लोगों की मौजूदगी और टाउन हॉल से घंटाघर तक निकली ज्योति यात्रा ने भागलपुर में कार्यक्रम की व्यापकता को दिखाया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी नितेश सिंह, सह प्रभारी विनीत भगत, विष्णु शर्मा, रूबी दास, विजय साह, निरंजन साह, राजीव पोद्दार, वंदना तिवारी, अलोक सिंह, योगेश पांडेय, भागलपुर विधानसभा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





