
कटिहार। कटिहार-बारसोई रेलखंड के महत्वपूर्ण सोनौली रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रेलवे प्लेटफॉर्म का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फीता काटकर नए प्लेटफॉर्म का विधिवत शुभारंभ किया।
स्टेशन अधीक्षक आलोक दत्ता एवं सीनियर बुकिंग क्लर्क जे.एन. साह ने बताया कि उद्घाटन के अवसर पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर नए प्लेटफॉर्म के सफल संचालन एवं यात्रियों की सुखद यात्रा की कामना की। इसके बाद केक काटकर एक-दूसरे को खिलाते हुए खुशी का इजहार किया गया।
उद्घाटन समारोह के बाद रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने कहा कि नया प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम बनेगी।
सोनौली रेलवे स्टेशन कटिहार-बारसोई रेलखंड का एक महत्वपूर्ण स्टेशन माना जाता है और यह इस क्षेत्र के प्रमुख राजस्व देने वाले स्टेशनों में शामिल है। यहां के अधिकारी एवं कर्मचारी यात्रियों की सुविधाओं और सेवा को लेकर हमेशा सजग एवं सक्रिय रहते हैं।
स्टेशन अधीक्षक आलोक दत्ता एवं सीनियर बुकिंग क्लर्क जे.एन. साह के कार्यशैली और व्यवहार की यात्रियों के बीच सराहना होती रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के प्रति बेहतर व्यवहार, समर्पित कार्यशैली और कुशल प्रबंधन के कारण स्टेशन की कार्यप्रणाली मजबूत हुई है तथा रेलवे को बेहतर राजस्व प्राप्त हो रहा है।
नए प्लेटफॉर्म के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में भी और सुधार होगा।

