सहरसा. हेल्पिंग बिहार फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय देव रिसॉर्ट, सहरसा में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बिहार के सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया सहित करीब 13 जिलों और नेपाल से चयनित शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. अजय सिंह, तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी बी.के. रवि, पैनोरमा ग्रुप के एमडी संजीव मिश्रा सहित ब्रजेश मिश्रा, किशोर कुमार, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. शौलेन्द्र कुमार, विष्णु स्वरूप, केवल सच ब्रजेश मिश्रा और शिक्षक नेता मनीष सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हेल्पिंग बिहार फाउंडेशन की संरक्षिका एवं रमेश झा महिला महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्या डॉ. रेणु सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, समाज और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में शिक्षा और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे बेहतर कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि वे नई पीढ़ी के विचार, संस्कार और दृष्टिकोण को भी आकार देते हैं। किसी भी समाज की प्रगति का वास्तविक आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी के लिए समान शैक्षणिक अवसर हैं।
हेल्पिंग बिहार फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे शिक्षकों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना और उनके योगदान को समाज के सामने लाना था। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद् और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हेल्पिंग बिहार फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष सिंह, प्रभाकरण देव, मानव सिंह, तरुण झा, आर्यन वत्स, सर्वेश, सुमित, रवि, आशीष बच्चन, सोनू झा, सम्भावित झा, संजय बशिष्ठ, विद्या सिंह एवं नवीन सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन शशिप्रभा जायसवाल ने किया।
समारोह के दौरान शिक्षकों को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने हेल्पिंग बिहार फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।





