पाकुड़: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर शुक्रवार को पाकुड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के भगत सिंह चौक पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई आवश्यक है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध है तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कथित परीक्षा अनियमितता पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में भाजपा जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत, भाजपा विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।





