महागामा। अनुमंडल के नयानगर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य केंद्र तक आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नयानगर पोखर का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सीधे आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में फैल जाता है। निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर में लंबे समय तक पानी और कीचड़ जमा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ बारिश के दिनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सालभर किसी न किसी रूप में बनी रहती है। खासकर गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को कीचड़ एवं गंदे पानी के बीच से होकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना पड़ता है। टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बच्चों को लेकर आने वाले अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए कीचड़ के बीच एक संकरी पगडंडी जैसी जगह ही बची है। इसी रास्ते से स्वास्थ्यकर्मियों को भी मजबूरी में ड्यूटी पर आना-जाना पड़ता है। जलजमाव के कारण फिसलने और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का परिसर ही लंबे समय से बदहाल है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने परिसर का पक्कीकरण कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।




