कटिहार: समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, बिहार द्वारा संचालित ‘सम्बल’ योजना के तहत शुक्रवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।
इस अवसर पर कुल 12 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें दृष्टिबाधित लाभुकों को 10 स्मार्टफोन (स्क्रीन रीडर सुविधा सहित) प्रदान किए गए, जबकि चलंत दिव्यांगता से संबंधित 2 लाभुकों को फोल्डेबल वॉकर उपलब्ध कराए गए।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे सहायक उपकरण उनके जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ शिक्षा, संचार और दैनिक कार्यों में भी मददगार साबित होंगे।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग यस्शवी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




