गोड्डा: जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कद्दू टोला में अवैध कोयला कारोबार और भंडारण के खिलाफ पुलिस तथा ईसीएल की सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 टन अवैध कोयला जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
संयुक्त छापेमारी में ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह, महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल, महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, मेहरमा पुलिस निरीक्षक रूबी एड्रिना मिंज तथा ईसीएल की सीआईएसएफ टीम शामिल रही। टीम ने कद्दू टोला में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित कोयले को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और सीआईएसएफ के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वाहनों से कोयला उतारकर अवैध रूप से भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर ललमटिया थाना के एएसआई सुरेंद्र यादव, शंकर यादव, ब्रजेश सिंह, सरोज सोरेन सहित सशस्त्र बल एवं ईसीएल सीआईएसएफ के एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर चरणजीत सिंह और वरीय सुरक्षा निरीक्षक दिनेश ओझा भी मौजूद रहे।





