गोड्डा: ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल में आयोजित इंटर हाउस क्रिकेट चैंपियनशिप में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले 8 ओवर के मुकाबले में नेहरू हाउस ने गांधी हाउस को 4 विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गांधी हाउस की टीम राशिद के 12 रनों की बदौलत 60 रनों पर सिमट गई। जवाब में नेहरू हाउस ने दिलशान की नाबाद 35 रनों की शानदार पारी के दम पर अंतिम ओवर में जीत दर्ज की।
ग्रुप-बी के एक अन्य रोमांचक मुकाबले में टेरेसा हाउस ने बोस हाउस पर संघर्षपूर्ण जीत हासिल की। पहले खेलते हुए बोस हाउस ने 44 रन बनाए। जवाब में 45 रनों का पीछा करते हुए टेरेसा हाउस की टीम 30 रन पर 8 विकेट गंवाकर संकट में थी। इसी दौरान बोस हाउस के गेंदबाज सत्यम ने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक ली।
इसके बाद प्रिंस ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ टिककर टीम को यादगार जीत दिलाई। इस रोमांचक जीत के साथ टेरेसा हाउस ने मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा।
अगले मैच में भी टेरेसा हाउस का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। कप्तान अश्विन की शानदार हैट्रिक की बदौलत टेरेसा हाउस ने टैगोर हाउस को महज 32 रनों पर रोक दिया। इसके बाद टीम ने एक विकेट गंवाकर आसान जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।





