दिनांक 12 सितंबर 2026 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में ‘स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2026’ (Smart India Hackathon – Internal Hackathon) प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने सभी प्रतिभागी टीमों के नवाचार और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों में कौशल विकास (Skills Development) होता है, बल्कि वह सामाजिक उत्थान और समस्याओं के निराकरण में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही विश्वविद्यालय एक मेगा कॉन्क्लेव के आयोजन की ओर बढ़ रहा हैं जहां तकनीकी उत्कृष्टता पर आधारित कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में जल्द ही एक ‘आईडिया लैब’ (Idea Lab) बनाने की अपनी सहमति भी दी, जिससे विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने इस संदर्भ में कहा कि आज की इस कठिन प्रतियोगिता के दौर में विश्वविद्यालय की प्राथमिकता में हर वह कार्य है जो विद्यार्थियों पर केंद्रित रहता है ताकि हमारे विद्यार्थी इस कठिन बाह्य प्रतियोगिता सामना कर सके और आइडिया लैब उसी सोच पर विश्वविद्यालय की एक सकारात्मक पहल होगी। इससे पूर्व कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अशोक आचार्य ने स्वागत भाषण दिया और प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित डॉ राहुल देव साह और डॉ. राजेंद्र कुमार महतो ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, आज का यह आयोजन हमारे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता का एक बेहतरीन मंच है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में ऐसे हैकथॉन छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीकी समाधान खोजने के लिए प्रेरित करते हैं, जो उनके भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स के मूल्यांकन हेतु एक निर्णायक समिति थी, जिसमें डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. अश्विनी शर्मा, डॉ. अमृतराज महतो, डॉ. आंचल कुमारी, डॉ. विवेक सोनू और सावित्री कुमारी शामिल थीं। मौके पर डॉ. आईन साहू, डॉ. राहुल देव साह, डॉ. राजेंद्र कुमार महतो, डॉ. प्रियरंजन प्रियदर्शी और डॉ. वीरेश कुमार उपस्थित थे। यह जानकारी पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.





