घाटशिला। ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र के विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में घाटशिला कॉलेज को बड़ी उपलब्धि मिली है। कॉलेज को एनसीसी की एक पूर्ण कंपनी की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को एनसीसी के माध्यम से आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
घाटशिला कॉलेज में वर्ष 2017 में एनसीसी की एक प्लाटून से शुरुआत हुई थी। लंबे समय से कॉलेज में एनसीसी की पूर्ण कंपनी स्थापित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. के. चौधरी ने 37 झारखंड बटालियन एनसीसी, जमशेदपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहूजा से लगातार संपर्क कर ग्रामीण और आदिवासी विद्यार्थियों के हित में कंपनी की स्वीकृति देने का आग्रह किया था। उनके प्रयासों के बाद अब कॉलेज को एनसीसी की एक कंपनी की स्वीकृति मिल गई है।
इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. आर. के. चौधरी ने कर्नल विनय आहूजा से मुलाकात कर उनका आभार और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के लिए केवल अतिरिक्त गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्राचार्य ने बताया कि एनसीसी के जरिए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, शिविरों, साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास और राष्ट्रसेवा से जुड़े विभिन्न अवसर मिलेंगे। उन्होंने एनसीसी बटालियन के प्रशासी अधिकारी कर्नल प्रेमचंद्र झा से भी मुलाकात कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।





