एस.एम. कॉलेज के इतिहास विभाग में उत्साहपूर्वक मना शिक्षक दिवस समारोह
भागलपुर। एस.एम. कॉलेज, भागलपुर के इतिहास विभाग की छात्राओं की ओर से शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में इतिहास विभाग की करीब 70 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत इतिहास विभाग के शिक्षक डॉ. हिमांशु शेखर एवं डॉ. प्रेमलता के स्वागत के साथ हुई। छात्राओं निधि, शांति, अंकिता एवं कुमकुम ने तिलक लगाकर और रिबन कटिंग के माध्यम से दोनों शिक्षकों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. हिमांशु शेखर ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे इसी तरह निरंतर आगे बढ़ती रहें और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करें। वहीं डॉ. प्रेमलता ने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं का उत्साह देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने सभी छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने और विभाग का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन इतिहास ऑनर्स की छात्रा एवं छात्राध्यक्ष निधि प्रकाश ने किया। उन्होंने बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अपरिहार्य कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सकीं और उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद भेजा।
समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। राधा रानी, नैनश्री, दिव्या, श्रिती, शांति, रानी एवं लैबा ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर शिक्षकों एवं छात्राओं का मन मोह लिया। सभी ने प्रस्तुतियों की सराहना की। समारोह को सफल बनाने में लीशा प्रकाश, अंकिता, रिया, निशा एवं सेमेस्टर-1 की सभी छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। छात्राओं की सामूहिक सहभागिता, अनुशासन और उत्साह से शिक्षक दिवस समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और यह अवसर सभी के लिए स्मरणीय बन गया।





