पाकुड़िया। प्रखंड के पाथरडांगा गांव में अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के 16 केवीए क्षमता वाले दो ट्रांसफार्मर चोरी कर लिए। घटना गुरुवार की देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब दो बजे अचानक गांव की बिजली गुल हो गई और पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं हुई।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने आसपास जाकर देखा तो खेत के पास लगे दोनों ट्रांसफार्मर गायब मिले। मौके पर ट्रांसफार्मर के तार कटे हुए पाए गए, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। एक साथ दो ट्रांसफार्मर चोरी होने से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। रात में उमस और गर्मी के कारण लोगों को सोने में दिक्कत हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और घरेलू कामकाज करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने पाकुड़िया थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी हुए ट्रांसफार्मरों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पाकुड़िया थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





