भागलपुर। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी भागलपुर, पुलिस अधीक्षक नवगछिया और अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ने रंगरा और गोपालपुर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील तटबंधों का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कटाव, ब्रीच और तटबंधों की सुरक्षा के लिए चल रहे निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया।
रंगरा प्रखंड के धोबनिया जमींदारी बांध में करीब 20 फीट हुए कटाव स्थल का निरीक्षण कर डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग, एनसी कार्य और बालू से भरे बोरे लगाने के काम की जानकारी ली गई। नदी की ओर से बांध की सुरक्षा के लिए प्लास्टिक शीट की परत लगाकर बालू से भरे बोरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, बांध पर ओवरटॉपिंग के पानी को नियंत्रित करने के लिए भी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने ब्रह्मोत्तर बांध का भी निरीक्षण किया, जहां रात में उत्पन्न हुए ब्रीच को नियंत्रित कर लिया गया है। मौके पर तकनीकी टीम से मौजूदा स्थिति और किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। ब्रीच को नियंत्रित करने में जल संसाधन विभाग की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की भी सराहना की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं को संवेदनशील तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ बचाव और सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। जिला प्रशासन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित इलाकों और संवेदनशील तटबंधों पर लगातार नजर रखी जा रही है।





